Select Page

कुछ समय से मंडला आर्ट की लोकप्रियता बढ़ रही है। इससे बहुत से लोग ये जाने में रुची रखने लगे है कि मंडला आर्ट की सामग्री में क्या – क्या वस्तुएं शामिल हैं।

कला के रूप में मंडला  नियमों से बंधी नहीं है। अपने कौशल और रुचि के स्तर के आधार पर, आप मंडला में इस्तेमाल होने वाली चीजों को चुन सकते हैं।

इस ब्लॉग में, मैं मंडला आर्ट की सामग्री का व्याख्यान करुँगी।  इसमें ये सभी वस्तुएं शामिल हैं जो आपको मंडला कला बनाने में काम आएगी।

मंडला कला की सामग्री

मंडला आर्ट की सामग्री में क्या- क्या शामिल है ? 

अगर आप मंडला कला क्या है इसमें रूचि रखते हैं और आप स्वयं इसे बनाना चाहते हैं, तो आपको कुछ बुनियादी वस्तुओं की आवश्यकता होगी।

अलग-अलग सामग्री और  माध्यमों से मडला बनाया जा सकता है।  हालांकि, यदि आप मंडल बनाना शुरू ही कर रहे हैं , तो आप सरल मंडल से शुरुआत कर सकते हैं।

इससे पहले कि मैं और विस्तार में आपको  मंडला आर्ट की सामग्री के बारे में बताऊँ,  नीचे मैंने इसका संक्षेप उल्लेख किया है।

आधार / माध्यम

कागज, लकड़ी के ब्लॉक, कपड़ा, पत्थर आदि

मार्किंग बनाने के लिए

पेंसिल, इरेज़र, पेन

उपकरण

कम्पास, प्रोट्रैक्टर

रंग

अपनी पसंद के कोई भी रंग

मंडला आर्ट बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

मंडला आर्ट की सामग्री, बनाने वाले की प्राथमिकताओं पर निर्भर करती है। आप अपने इच्छा से मंडला के लिए माध्यम, कलम और रंगों के बीच चयन कर सकते हैं।

बुनियादी मंडला कला बनाने के लिए आपको बहुत अधिक वस्तुओं की आवश्यकता नहीं है।

आप मंडला आर्ट की सामग्री चीजों को नजदीकी स्टेशनरी की दुकान पर आसानी से पा सकते हैं  या आप इन्हें ऑनलाइन भी आसानी से खरीद सकते हैं।

1.   मंडला आर्ट के लिए कागज़ या किसी और तरह का आधार

मंडलों को विभिन्न प्रकार की सतहों पर बनाया जा सकता है। इन्हें लकड़ी के ब्लॉक, कपड़े के टुकड़े, कागज आदि पर बनाया जाता है। लेकिन, यदि आप अभी शुरुआत कर रहे हैं तो ऐसा करने का सबसे अच्छा तरीका कागज का उपयोग करना है।

उचित गुणवत्ता और अच्छी मोटाई का कोई भी कागज मंडलों को बनाने के लिए सही रहेगा । ऐसा इसलिए है क्योंकि मंडल बनाते हुए आप पेंसिल के निशानों को जब मिटाएंगे, तो पतला कागज़ फटने का खतरा रहेगा।

140 या उससे अधिक GSM वाला कागज़ मंडला बनाने के लिए उपयुक्त रहता है।  जैसे-जैसे आप मंडल कला में और अच्छे होंगे, वैसे-वैसे आप बेहतर गुणवत्ता वाले कागज में निवेश कर सकते हैं।

कागज़ की मोटाई अक्सर GSM में नापी जाती है।  कागज़ जितना मोटा होगा उतना ही ज़्यादा उसका GSM होगा।  उदाहरण के लिए, 40 GSM वाला कागज 300 GSM  वाले कागज की तुलना में बहुत हल्के और पतले होंगे। 300 GSM पेपर, भारी, मोटा और अधिक टिकाऊ होगा।

हालाँकि एक बुनियादी मंडला बनाने के लिए आप किसी भी प्रकार के कागज का उपयोग कर सकते हैं, कागज की गुणवत्ता  का असर अंतिम परिणाम में पड़ता ही है।

यदि आप मंडलों को बनाने के लिए  अच्छी गुणवत्ता का कागज़ की खोज कर रहे हैं तो मैं निम्नलिखित कागज़ों का उपयोग करने की सलाह दूंगी –

ड्राइंग पेपर – यदि आप शुरुआत ही कर रहे हैं तो मेरा सुझाव है कि मंडल बनाने के लिए ड्राइंग पेपर का इस्तेमाल करें। वे विभिन्न मोटाई में उपलब्ध हैं। लेकिन मैं आपको सुझाव दूंगा कि आप 100 GSM  से ऊपर मोटाई वाला कागज़ चुनें। आप शुरुआत के लिए सकेटच्बूक खरीद सकते हैं।

कार्ट्रिज पेपर– यह पेंसिल और स्याही चित्र में इस्तेमाल किया जाने वाला  मोटा सफेद कागज होता है। एक तरह से यह  मोटा ड्राइंग पेपर है। यह आमतौर पर 150 GSM और 300 GSM के बीच मोटाई में आता है।

ब्रिस्टल पेपर – ब्रिस्टल पेपर का इस्तेमाल प्रिंटिंग और पेंटिंग के लिए किया जाता है। यह पेपर मंडलों को बनाने के लिए उपयुक्त है क्योंकि यह स्प्रे पेंट और ऐक्रेलिक, वॉटरकलर आदि के हल्के अनुप्रयोगों के साथ अच्छी तरह से काम करता है।

आइवरी शीट – यह कागज़ काफी कड़ा होता है। इस कागज़ पर आप आराम से पेंसिल इस्तेमाल कर सकते हैं और आमतौर पर इसकी मोटाई 200 GSM या उससे ऊपर होती है।

मिक्स्ड मीडिया पेपर – यह पेपर वाटर कलर और ड्राइंग पेपर की विशेषताओं  का संयोजन है। इसका वजन 190 GSM और 300 GSMs के बीच हो सकता है।

2.   मंडला आर्ट के लिए सबसे उपयुक्त पेंसिल

एक बार जब आप मंडला के लिए अपना कागज़ चुन लेते हैं, तो अगला सवाल यह होता है कि मंडलों को बनाने के लिए किस तरह की और कैसी  पेंसिल का उपयोग किया जाए?

मंडला आर्ट के लिए आप किसी भी तरह की पेंसिल का इस्तेमाल कर सकते हैं। पेंसिल का चयन करते हुए आपके पास दो विकल्प हैं – मैकेनिकल पेंसिल और पारंपरिक पेंसिल।

मैकेनिकल पेंसिल – मैं ज़्यादातर मंडल बनाते हुए मैकेनिकल पेंसिल का उपयोग करना पसंद करती हूं। मैकेनिकल पेंसिल का उपयोग करना मेरे विचार में सही रहता है क्योंकि इसकी नोक हमेशा एक सी रहती है जिससे डिज़ाइन काफी साफ़ बनता है। इसके अलावा क्यूंकि आपको इसकी नोक को बार -बार तेज़ करने की ज़रूरत नहीं पड़ती, इसलिए आपका काफी समय भी बचता है और आपके विचारों का प्रवाह नहीं रुकता।

पारंपरिक पेंसिल – यदि आप मैकेनिकल पेंसिल इस्तेमाल नहीं करना चाहते तो पारम्परिक लकड़ी की पेंसिल भी इस्तेमाल कर सकते है। HB पेंसिल्स मंडला बनाने के लिए सबसे अच्छा विकल्प हैं । स्टैडलर और अप्सरा ब्रांड की पेंसिल मेरी पसंदीदा पेंसिल्स में से हैं। आप चाहें तो कोई और HB पेंसिल्स भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

आप कोई भी पेंसिल इस्तेमाल करें, बस इतना सुनिश्चित करें कि वे नोकीली हों।

3.   रबड़ / इरेज़र भी मंडला बनाने के लिए आवश्यक है

मंडला आर्ट की सामग्री में रबर भी उतना ही ज़रूरी है जितनी बाकी वस्तुएं। मंडला बनाते समय आपको अतिरिक्त रेखाओं या गलतियों को हटाने के लिए एक रबर की भी आवश्यकता होगी।

आप इस उद्देश्य के लिए अपनी पसंद के किसी भी इरेज़र का उपयोग कर सकते हैं।बस सुनिश्चित करें कि रबर कागज की सतह पर बहुत कड़ा न हो और कागज को फाड़ न दे।

4.     मंडला आर्ट के लिए  कम्पास का उपयोग करें

बाजार में बहुत से कम्पास उपलब्ध हैं। हालाँकि, आप किसी भी कंपास का उपयोग कर सकते हैं, पर यदि आप मंडल आर्ट के प्रति गंभीर हैं तो सस्ते कम्पास से सावधान रहें क्योंकि उनके साथ एक सटीक सर्कल बनाना लगभग असंभव हो जाता है।

क्यूंकि  बाज़ार में बहुत सस्ते से लेकर बहुत मेहेंगे कंपास उपलब्ध हैं तो कम्पास खरीदते समय आपको क्या देखना चाहिए? ये रही एक अच्छे कंपास की कुछ विशेषताएं :

कंपास के एक छोर का कोना तेज़ होना चाहिए। धातु या मेटल कंपास मेरे विचार में सबसे अच्छे होते हैं जब आप सटीक गोलाकार बनाना चाहते हैं। तेज़ कोना, गोला बनाते समय कम्पास को एक मजबूत पकड़ देता है।

कोशिश करें के ऐसा कंपास ख़रीदे जिसकी टाँगे एडजस्ट की जा सकें। पैरों को एक दूसरे के समानांतर रखने से गोलाकार बहुत अच्छे बनते हैं।

कम्पास में एडजस्टमेंट करने और एडजस्टमेंट को लॉक करने की सुविधा होनी चाहिए। इसे आप अपने गोले का आकर आसानी से बड़ा या छोटा कर सकेंगे।

कुछ कम्पास में एक विस्तार बांह भी होती है। यह बड़े गोले बनाने में मदद करता है।

सुनिश्चित करें कि आपके कंपास में यूनिवर्सल पेन एडॉप्टर है। आपके कंपास में सामान्य लकड़ी की पेंसिल, मैकेनिकल पेंसिल या पेन , सभी चीजें फिट हो जानी चाहिए।

5.   रूलर / स्केल मंडल बनाने की आवश्यक सामग्री में से एक है

मंडला आर्ट बनाने के लिए आपको रूलर की भी ज़रूरत पड़ेगी। मंडला बनाने के लिए मैं दो तरह के स्केल का उपयोग करती हूं।

30 cm लंबा रूलर – यह मैं मंडला का बुनियादी ढांचा बनाने के लिए इस्तेमाल करती हूँ।

छोटा 12 cm रूलर – इसे मैं मंडल के अंदर छोटे – छोटे डिटेल्स बनाने के लिए उपयोग करती हूँ।

ये दोनों रूलर बाज़ार में बहुत ही आसानी से उपलब्ध हो जाएंगे।  पारदर्शी रूलर या स्केल ही खरीदें ताकि आपको डिज़ाइन देखने और बनाने में आसानी हो।

6.     चाँदा / प्रोट्रेक्टर का भी इस्तेमाल किया जाता है मंडल बनाने में

यदि आप एक बिल्कुल सममित मंडला बनाना चाहते हैं, तो एक प्रोट्रैक्टर बहुत ही उपयोगी उपकरण हो सकता है।

प्रोट्रैक्टर स्कूली बच्चों के ज्यामिति बॉक्स में एक D या आधा डिस्क के आकार का उपकरण है। यह पारदर्शी होता है और कोणों को मापने के लिए उपयोग किया जाता है।

मंडला बनाते समय, सर्कल के मध्य बिंदु पर प्रोट्रैक्टर के मध्य बिंदु को संरेखित करें। अब पेंसिल का उपयोग करके, आप डिजाइन के लिए समान कोणों को चिह्नित कर सकते हैं।

7.     मंडल कला के लिए सबसे अच्छे पेन/ कलम

मंडलों को बनाते समय आपको पेन की भी आवश्यकता होगी। हालांकि बहुत सारे लोग मांडल बनाने के लिए सामान्य जेल पेन और बॉलपॉइंट पेन का उपयोग करते हैं, पर यदि आप वास्तव में कला अच्छे से बनाना चाहते हैं, तो आपको विशेष पेन की आवश्यकता होगी।

व्यक्तिगत रूप से, मैं मंडलों को चित्रित करने के लिए सकुरा पिगमा माइक्रोन पेन का उपयोग करती हूं। वे विभिन्न आकारों और रंगों में आते हैं लेकिन एक शुरुआत के रूप में, आप  काली स्याही का उपयोग कर सकते हैं।

मैं आमतौर पर माइक्रोन 05 (0.45 मिमी nib)  और माइक्रोन 01 (0.25 मिमी nib) का इस्तेमाल करती हूँ। महीन रेखाओं के लिए मैं , माइक्रोन 01 इस्तेमाल करती हूँ और मोटी लाइनों के लिए माइक्रोन 05 या माइक्रोन 08 का  उपयोग करती हूँ।

यदि आप मंडला कला सीखने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं, तो मेरा सुझाव है कि आप किसी प्रकार के माइक्रोन पेन में निवेश करें। इन्हे इस्तेमाल के अनेक फायदे हैं-

इस तरह के पेन कागज़ पे नहीं फैलते , इसलिए आपका डिज़ाइन ख़राब नहीं होगा

इनके फीके नहीं होते और इसलिए आपकी कला को अधिक समय तक बनाए रखने के लिए इनका इस्तेमाल आदर्श होता है

वे जलरोधक हैं, इसलिए, यदि आप चाहें तो आप उन पर बाद में पेंट का उपयोग भी कर सकते हैं

ये पेन दुकानों में और ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं | आप इन्हे एक एक करके भी खरीद सकते हैं या उनका सेट भी खरीद सकते हैं।

8.   मंडल भरने के लिए रंग

मंडल में रंग भरने के लिए किस रंग का उपयोग किया जा सकता है या नहीं इस पर कोई नियम नहीं हैं।आप अपनी पसंद को ध्यान में रखते हुए किसी भी  रंग का उपयोग कर सकते हैं।

मैंने अपने मंडलों को रंगने के लिए जेल पेन, रंगीन पेंसिल, वॉटरकलर ब्रश पेन और मार्कर, सभी चीज़ों का उपयोग किया है। प्रत्येक प्रकार के रंग के साथ, मैं जो मंडला बनती हूं वह काफी अलग और अद्वितीय बनकर सामने आता है।

कुछ लोकप्रिय रंगों के प्रकार जिनका उपयोग मंडला बनाने के लिए किया जा सकता है, वे निम्नलिखित हैं –

रंगीन पेंसिल – इन्हें मंडला कला के साथ शुरुआत करने वाले कलाकारों द्वारा इस्तेमाल किया जा सकता है।

वाटरकलर / एक्रिलिक कलर – ये उन कलाकारों के लिए अनुशंसित हैं जिन्हे मंडला आर्ट बनाने का अनुभव हो। याद रखें, पानी के रंग के पतले कागज में फैल सकते हैं, इसलिए उन्हें केवल मोटे कागज पर उपयोग करें।

जेल पेन – ये मंडला के भीतर के कुछ क्षेत्रों को उजागर करने के लिए  का उपयोग किये जा सकता है। यदि आप मंडल आर्ट में नए हैं, आप इन्हे इस्तेमाल कर सकते हैं।

डॉटिंग टूल्स : इन दिनों बहुत सारे लोग मंडला के एक नए रूप में रुचि रखते हैं जिसे डॉटेड मंडला कहा जाता है। इसमें पूरे डिज़ाइन को विभिन्न आकारों के डॉट्स का उपयोग करके बनाया जाता है। यदि आप ऐसे मंडला में रुचि रखते हैं, तो आप डॉटिंग टूल का उपयोग करके उन्हें बना सकते हैं। इनमें विभिन्न आकारों के गोल किनारों वाले  उपकरणों का एक सेट शामिल होता है। उन्हें पेंट में डुबोना पड़ता है और फिर कागज या कपड़े पर डिज़ाइन बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यदि आपके पास डॉटिंग टूल नहीं है तो आप घर में रखी चीज़ों को भी इस्तेमाल कर सकते हैं जैसे टूथपिक, पेंसिल, सिलाई, इत्यादि।

इन दिनों आपको मंडला रंग की बहुत सारी किताबें मिलेंगी। इन पुस्तकों में मंडल के बहुत विस्तृत और जटिल डिजाइन होते हैं। इसलिए, इस तरह के डिजाइनों के लिए, मैं जेल पेन, रंगीन पेंसिल या स्केच पेन का उपयोग करने की सलाह दूंगी क्योंकि वे काफी नोकीले होते हैं।

इसके अलावा, यदि आपने कपड़े पर एक मंडला बनाया है, तो आप अपने कपड़े के मंडला को पेंट करने के लिए वाटरप्रूफ रंगों का उपयोग कर सकते हैं। आप इनके लिए फैब्रिक कलर्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।

9.     मंडला के लिए पेंट ब्रश सेट

यदि आप अपने मंडल पर पेंट (वॉटरकलर या एक्रिलिक) का उपयोग करने की योजना बना रहे हैं, तो आपको पेंटिंग ब्रश के एक सेट की भी आवश्यकता होगी।

ब्रश का सेट चुनें जिसमें पतले ब्रश भी शामिल हों। आदर्श रूप से, मैं आकार 0 से लेकर आकार 10 तक के ब्रश चुनने की सलाह दूंगी। आप कौनसी ब्रश इस्तेमाल करते हैं यह इस बात पर निर्भर करेगा कि आपका मंडल डिज़ाइन कितना बारीक है।

मुझे उम्मीद है कि मंडला आर्ट की समाग्री के बारे में आपको पूर्ण जानकारी मेरे इस ब्लॉग में मिल गयी होगी।  यदि आपके पास इस संबंध में कोई और प्रश्न हैं, तो उन्हें नीचे टिप्पणी अनुभाग में पूछें, मैं उनका ज़रूर उत्तर दूंगी।